NEET 2020 Topper:
720 में से 720 लाकर नीट टॉपर बने 18 साल के
शोएब आफताब,
by विपिन कुमार विश्वकर्मा,जौनपुर ,उत्तर प्रदेश
नई दिल्ली। चिकित्सा पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा नीट के नतीजे शुक्रवार रात को घोषित कर दिए गए। परीक्षा में ओडिशा के शोएब आफ्ताब ने पहला जबकि दिल्ली की अकांक्षा सिंह ने दूसरा स्थान हासिल किया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान शोएब आफ्ताब ने बताया कि उन्होंने अपने पिता से वादा किया था कि जब तक नीट क्लियर नहीं कर लेते वह घर नहीं आएंगे।
शोएब के परिवार में नहीं हैं कोई डॉक्टर
उन्होंने अपनी सफलता का सारा श्रेय माता पिता को देते हुए कहा कि इन्होंने ही मुझे डॉक्टर बनने की ख्वाहिश रखने के लिए प्रेरित किया और मेरे साथ खड़े रहे। शोएब ने बताया कि कोरोना संकट में कई बार नीट की परीक्षा स्थगित होने से काफी दवाब महसूस करता था लेकिन कभी हौंसला नहीं छोड़ा। शोएब के पिता का कंस्ट्रक्शन बिजनेस है और मां हाउस वाइफ हैं। शोएब ने कोटा के एलन करियर इंस्टीट्यूट से अपनी नीट की कोचिंग ली। शोएब के परिवार में कोई डॉक्टर नहीं था, ऐसे में उन्हें उम्मीद नहीं थी कि पहली रैंक आ जाएगी। उन्होंने लॉकडाउन में घर न जाने का फैसला किया। अप्रैल 2018 में तैयारी के लिए कोटा आ गए थे, जिसके बाद से वह अभी तक घर नहीं गए हैं।
आपको बतां दे कि सबसे अधिक त्रिपुरा के उम्मीदवारों (88,889) ने परीक्षा में सफलता हासिल की जबकि दूसरे स्थान पर महाराष्ट्र के प्रतिभागी रहे। महाराष्ट्र के 79,974 प्रतिभागियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। राष्ट्रीय अर्हता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) कोविड-19 महामारी के बीच कड़े एहतियाती उपायों के साथ 13 सितंबर को कराई गई थी। इस साल से देश के 13 अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), जवाहर लाल स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, पुडुचेरी की एमबीबीएस पाठ्यक्रम की सीटों पर भी नीट के जरिये प्रवेश होगा। यह बदलाव पिछले साल संसद से पारित राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम-2019 के तहत किया गया है। इस बार नीट परीक्षा 11 भाषाओं- अंग्रेजी, हिंदी, असमी, बंगाली, गुजराती, कन्नड, मराठी, उडिया, तमिल, तेलुगु और उर्दू् में कराई गई। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक 77 प्रतिशत उम्मीदवारों ने अंग्रेजी भाषा में परीक्षा दी जबकि हिंदी भाषा में 12 प्रतिशत और अन्य भाषाओं में 11 प्रतिशत विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। कोविड-19 महामारी की वजह से इस साल नीट परीक्षा दो बार टाली गई और सरकार ने अकादमिक सत्र को शून्य होने से बचाने के लिए एक वर्ग के विरोध के बावजूद परीक्षा कराने का फैसला किया।
23 मई 2002 को जन्मे शोएब ने
एलन करियर इंस्टीट्यूट, कोटा से दो साल कोचिंग की थी।
उन्होंने नीट परीक्षा में 720 में से 720 अंक प्राप्त किए हैं। शोएब अपने परिवार में पहले शख्स हैं जो मेडिकल की पढ़ाई करेंगे और डॉक्टर बनेंगे। शोएब ने बताया कि डॉक्टर बनना सपना था जो अब साकार होने जा रहा है। वो साल 2018 में कोटा आए थे। उन्होंने कहा कि मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि मैं कोटा में अपनी मां और छोटी बहन के साथ पीजी में रहता था।
शोएब ने कहा, 'मैंने सारे क्वेश्न अटेम्प्ट किए थे। पहले मुझे टॉप 100 या टॉप 50 में आने की उम्मीद थी लेकिन 720 में से 720 मार्क्स आने की उम्मीद नहीं थी। जब मैंने आंसर-की चेक की तो मुझे ऑल इंडिया रैंक 1 होने का अंदाजा लग गया था। परीक्षा स्थगित हो गई थी तो काफी प्रेशर था। लेकिन मैंने समय का सदुपयोग किया।'
नीट में AIR 2 रैंक पाने वाली आकांक्षा सिंह बनना चाहती थीं IAS, लेकिन एम्स से प्रेरित होकर नीट देने का फैसला किया
शोएब ने इसी वर्ष 12वीं में 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उनकी केवीपीवाई में ऑल इंडिया 37वीं रैंक और 10वीं में 96.8 प्रतिशत अंक थे। उन्होंने कहा कि एलन के टीचर्स की गाइडेंस से मैंने ये सफलता प्राप्त की है।
शोएब ने कहा कि कभी कभी थोड़ा रिलेक्स करने के लिए वह अपने फोन पर गेम खेल लिया करते थे। हॉबी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, 'मुझे पेंटिंग करना पसंद है। लेकिन पिछले कुछ सालों से मैंने ये नहीं की है क्योंकि खुद को पूरी तरह से नीट की तैयारी में लगाए रखा था।'
एलेन करियर इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर नवीन माहेश्वरी ने कहा, 'शोएब की उपलब्धि से हम गर्वान्वित हैं। ऐसा इतिहास में पहली बार है जब किसी ने पूरे मार्क्स हासिल किए हैं।'
शोएब ने कहा, 'लॉकडाउन के दौरान मिले टाइम में मैंने तैयारी में अपनी कमियों को दूर किया। जिस टॉपिक में मैं कमजोर था, उन्हें बार बार रिवाइज किया। इससे मेरे डाउट क्लियर होते रहे। जिनमें मेरी पकड़ अच्छी थी, उन पर मैंने ज्यादा फोकस नहीं किया। तीन विषयों पर बराबर ध्यान दिया।'
शोएब ने अपनी फिजिक्स और केमिस्ट्री की तैयारी को परखने के लिए जनवरी में जेईई मेन का भी एग्जाम दिया था। शोएब ने कहा, 'जेईई मेन में मुझे फिजिक्स में 99.97 परसेंटाइल और केमिस्ट्री में 99.93 परसेंटाइल मिले थे। मैथ्स में मेरे 15 परसेंटाइल थे क्योंकि ये मेरा विषय नहीं था।'






Post a Comment